स्वास्थ्य मंत्री बोले- दिल्ली में कुछ धीमी पड़ी कोरोना की रफ्तार, ICU बेड और वेंटिलेटर की कमी नहीं
नई दिल्ली
दिल्ली में करीब एक सप्ताह से जारी कोरोना के केसों में वृद्धि के बाद मंगलवार को थोड़ी राहत देखने को मिली। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 992 नए मामले सामने आए, वहीं रिकवरी रेट 1,591 और 4 लोगों की मौत हुई हैं। वहीं सोमवार को दिल्ली सरकार की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राजधानी में कोरोना संक्रमण के 1,904 नए मामले दर्ज किए गए थे। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 992 नए मरीज मिले हैं वहीं 4 और मरीजों की मौत हुई है। दिल्ली में आज 1591 मरीज कोरोना मुक्त होकर अपने घरों को भी लौट गए हैं, जबकि कल यह संख्या 1411 थी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 6,60,611 हो गई है।
वहीं आज 4832 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। दिल्ली में सक्रिय मामलों की संख्या 7,429 है। अब तक कुल 6,42,166 मरीज इस महामारी को मात देकर कोरोना मुक्त हो चुके हैं। इसके साथ ही अब तक मरने वालों की संख्या 11,016 हो गई है। वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि, कई आईसीयू बेड और वेंटिलेटर सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध हैं। दरअसल दिल्ली में लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते अस्पतालों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ऐसे में सरकार लगातार लोगों को दिल्ली के अस्पतालों में बेड की उपलब्धता की जानकारी साझा कर रही है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में कुल 36,757 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 28,618 आरटीपीआर/ सीबीएनएएटी / ट्रूनैट टेस्ट और 8,139 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। दिल्ली में अब तक कुल 14,508,592 जांचें हुई हैं और प्रति 10 लाख लोगों पर 7,63,610 टेस्ट किए गए हैं। इसके साथ ही अब दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 1903 पर पहुंच गई है, जबकि सोमवार को इनकी संख्या 1849 थी।

पाठको की राय